आदित्यपुर / Balram Panda : नगर निगम के महापौर प्रत्याशी रमेश बालमुचू का जनसंपर्क अभियान अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है. गली-मोहल्लों, बस्तियों और कॉलोनियों में लगातार बढ़ता जनसमर्थन यह साफ संकेत दे रहा है कि आदित्यपुर की जनता इस बार मजबूत, ईमानदार और जमीनी नेतृत्व के साथ खड़े होने का मन बना चुकी है. पार्टी संगठन का उन्हें पूरा समर्थन प्राप्त है और आम लोगों का भरोसा उनके अभियान को लगातार मजबूती दे रहा है.

जनसंपर्क के दौरान श्री बालमुचू ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें समर्थन दिया है, उस भरोसे पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के हर सुख-दुख में वे हमेशा खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे. जनता की हर जायज मांग को पूरा करना और आदित्यपुर को विकास की नई दिशा देना उनका संकल्प है.

महापौर प्रत्याशी ने आदिवासी-मूलवासी समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए कहा कि यह समाज अब सिर्फ वादे नहीं, हक चाहता है. उन्होंने कहा कि वे हमेशा आदिवासी-मूलवासी हित में काम करते आए हैं और सत्ता में आने के बाद नगर निगम को भ्रष्टाचार-मुक्त, जवाबदेह और विकासशील बनाने का काम करेंगे. उनका कहना था कि आदित्यपुर का विकास कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
श्री बालमुचू ने मतदाताओं से चुनाव चिन्ह बिस्कुट छाप और क्रम संख्या 6 पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की. विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अपने मत को बर्बाद न करें, क्योंकि आपका एक-एक वोट आने वाली पीढ़ी के भविष्य को तय करता है. सही मतदान ही मजबूत लोकतंत्र और बेहतर भविष्य की नींव है.

उन्होंने कहा कि यदि जनता ने एक बार सेवा का अवसर दिया, तो नगर निगम क्षेत्र के हर वार्ड में सड़क, नाली, पानी, साफ-सफाई, रोजगार और सम्मान के साथ विकास होगा. जनसंपर्क अभियान के दौरान उमड़ रही भीड़ और जनता का उत्साह यह दर्शाता है कि आदित्यपुर में बदलाव की लहर तेज हो चुकी है और लोग एक ऐसे जमीनी नेता को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं, जो हर हाल में जनता के साथ खड़ा रहता है.

















