जनसंवाद, जमशेदपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर शहीद दिवस के अवसर पर भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम पूर्ण गरिमा और देशभक्ति के उत्साह के साथ आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई। परिषद के अध्यक्ष विनय कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य सुखविंदर सिंह ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद परिषद के सभी सदस्यों ने बारी-बारी से शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें थल सेना, वायु सेना और नौसेना से सेवानिवृत्त सैनिकों की सहभागिता रही, जिससे आयोजन को विशेष गौरव प्राप्त हुआ।
इस दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर सुखविंदर सिंह, मनोज कुमार सिंह, विश्वजीत, सी.सी. पूरी, उमेश शर्मा, राजीव कुमार, शैलेंद्र कुमार, संजय सिंह, बिरजू, दया भूषण, अनिल कुमार सिंह सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
















