जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 (NH-33) से जोड़ने वाली खरसावां–रड़गांव सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा विधानसभा में उठाया गया। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने सदन में इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की खराब हालत पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए राइडिंग क्वालिटी सुधार कार्य की स्वीकृति देने की मांग की।
पिच उखड़ी, जगह-जगह गहरे गड्ढे
विधायक ने कहा कि यह सड़क खरसावां क्षेत्र की प्रमुख लाइफलाइन है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ गई है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है और बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे जान-माल का जोखिम बना रहता है।
व्यापार और आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित
दशरथ गागराई ने कहा कि यह मार्ग केवल स्थानीय आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क की बदहाल स्थिति से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि खरसावां–रड़गांव सड़क के राइडिंग क्वालिटी सुधार कार्य को शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर कब तक निर्णय लेती है और सड़क मरम्मत की दिशा में क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


















