आदित्यपुर / Balram Panda : नगर निगम के वार्ड संख्या 12 से लोकप्रिय युवा नेता मोतीलाल बिसुई ने नामांकन दाखिल करते हुए वार्ड की ज्वलंत समस्याओं को लेकर मजबूत चुनावी तेवर दिखाए. नामांकन के बाद उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता, सम्मान और सुरक्षा उनकी राजनीति का मूल आधार है.
मोतीलाल बिसुई ने कहा कि आज भी वार्ड के कई परिवारों की माताएँ, बहनें और बेटियाँ खुले में शौच करने को मजबूर हैं, जो एक सभ्य समाज पर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने दो टूक कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो हर जरूरतमंद घर तक शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा.
उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि वार्ड में बड़ी संख्या में पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित हैं. उनकी प्राथमिकता होगी कि बिना दलाली और भेदभाव के, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे.
मोतीलाल बिसुई ने कहा कि वे राजनीति को सत्ता नहीं, जनसेवा का माध्यम मानते हैं और वार्ड 12 के हर नागरिक के सुख-दुख में चट्टान की तरह खड़े रहेंगे. उन्होंने यह भी दोहराया कि वे आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वार्ड 12 के स्वाभिमान, स्वच्छता और भविष्य की लड़ाई है, और जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.


























