जनसंवाद, जमशेदपुर। आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 7 अप्रैल 2026 को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ” के अनुरूप विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सा प्रशासक-सह-निदेशक एवं डीन एकेडमिक्स ने अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्यों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वास्थ्य संवर्धन और रोगों की रोकथाम में साक्ष्य-आधारित पद्धतियों तथा सामूहिक प्रयासों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और एकजुटता के माध्यम से ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर एमबीबीएस छात्रों के बीच पोस्टर मेकिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने स्वास्थ्य और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के संबंध को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित स्वास्थ्य प्रणाली के पक्ष में अपने विचार रखे।
कॉलेज के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि मेडिकल संस्थानों की जिम्मेदारी केवल डॉक्टर तैयार करना ही नहीं, बल्कि समाज में वैज्ञानिक सोच के साथ स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना भी है। वहीं प्राचार्य डॉ. के.एन. सिंह ने कहा कि विज्ञान पर विश्वास और सामूहिक प्रयास ही स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता का मूल आधार है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















