जनसंवाद, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा मंगलवार को गोपेश्वर हॉल में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, यूनियन पदाधिकारी, कमेटी सदस्य तथा फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारी अपनी जीवन संगिनी के साथ समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए यूनियन और प्रबंधन के साथ बिताए गए समय को याद किया।
महामंत्री आरके सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यूनियन हमेशा अपने कर्मियों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के योगदान से ही कंपनी और यूनियन नई ऊंचाइयों तक पहुंची है और यूनियन उनके प्रति सदैव आभारी रहेगी।
समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी यूनियन की कार्यशैली और सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीके शर्मा द्वारा किया गया।
सम्मानित होने वाले कर्मियों में व्हीकल फैक्ट्री से चंद्रशेखर शर्मा एवं सुजीत कुमार राय, ड्राइव लाइन से सुनील सिंहा, शिव नारायण सिंह, दिलीप कुमार दास, श्रीराम सिंह और रामजी पाठक, फ्रेम फैक्ट्री से कृष्णा पदो भगत, व्हीकल प्रिपरेशन एंड डिस्पेच से विजय कुमार, इंजन डिवीजन से श्याम नारायण दुबे एवं मोहम्मद मुस्ताक अली, कैब एंड काउल फैक्ट्री से नाबारून चक्रवर्ती, प्रदीप शर्मा एवं एसआर दास गुप्ता तथा फाउंड्री से रमेश कुमार सिंह शामिल रहे।
















