जनसंवाद, जमशेदपुर। टुईलाडूंगरी स्थित शीतला माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में ज्वारा पूजा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मां शीतला के समक्ष 23 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

बताया गया कि वर्ष 1910 में छत्तीसगढ़ी समाज के पूर्वजों द्वारा स्थापित इस ऐतिहासिक मंदिर में हर वर्ष नवरात्रि के दौरान ज्वारा पूजा का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया जाता है।
ज्योति कलश प्रज्वलन कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजू गिरी (उपाध्यक्ष, राज्य गौ सेवा आयोग), समाजसेवी सूरज भदानी और भाजपा नेता सह मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
इस अवसर पर राजू गिरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी समाज वर्षों से अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए ज्वारा पूजा का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा के नव स्वरूप की पूजा से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने मंदिर के इतिहास की जानकारी देते हुए युवाओं से अपील की कि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखें। वहीं समाजसेवी सूरज भदानी ने कहा कि किसी भी समाज का विकास उसकी परंपराओं को जीवित रखने से ही संभव है और भविष्य में मंदिर को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक परमानंद कौशल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री गिरधारी लाल ने किया।
इस अवसर पर ऐश राम साहू, मोतीलाल साहू, खलेश्वर साहू, गंगाराम साहू, नरेश निषाद, दयालु निषाद, महावीर प्रसाद, त्रिवेणी कुमार, दीपक साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।



















