जमशेदपुर / Balram Panda: कारोबारी जगत से एक अहम खबर सामने आई है, उद्योगपति विक्रम शर्मा की कंपनी विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड में बड़ा फेरबदल करते हुए अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को कंपनी का नया डायरेक्टर नियुक्त किया गया है, कंपनी प्रबंधन के इस फैसले को कारोबारी गतिविधियों के विस्तार और संचालन में नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है.
सोनारी निवासी अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव न केवल व्यवसायिक क्षेत्र में सक्रिय हैं, बल्कि एक न्यूज चैनल के चेयरमैन के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं. उनके अनुभव को देखते हुए कंपनी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.
जानकारी के अनुसार, विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड का सालाना कारोबार लगभग 600 से 700 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. कंपनी का कारोबार कई राज्यों में फैला हुआ है. हरियाणा के रोहतक-गुड़गांव क्षेत्र में टुबर्ग बियर का बॉटलिंग प्लांट संचालित है, वहीं मध्यप्रदेश के जबलपुर में करीब 200 एकड़ भूमि, पश्चिम बंगाल के रानीगंज में कोयला कारोबार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सिलिका (क्वार्ट्ज) का काम और झारखंड के घाटशिला में सफेद पत्थर का क्रशर प्लांट संचालित किया जा रहा है.
इसके अलावा कोलकाता में आरएनटी हॉस्पिटल के समीप लगभग 10.70 बीघा भूमि भी कंपनी के पास बताई जाती है, जो भविष्य की परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. उल्लेखनीय है कि 13 जनवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसने कारोबारी जगत में सनसनी फैला दी थी. इस मामले में अब तक शूटरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं.
ऐसे समय में कंपनी द्वारा अशोक सिंह राघव को डायरेक्टर बनाए जाने को एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे कंपनी के संचालन और विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.


















