जनसंवाद, जमशेदपुर। आगामी ईद, सरहुल, हिंदू नववर्ष और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त Karn Satyarthi ने की।
बैठक में विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पर्व-त्योहार के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित मांगें और सुझाव रखे गए, जिस पर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सभी धर्मों के लोग वर्षों से शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाते आए हैं और यह परंपरा आगे भी कायम रहनी चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें तथा भड़काऊ या संदिग्ध पोस्ट को आगे न बढ़ाएं। साथ ही सभी धर्मों की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) Rishabh Garg ने आयोजकों से अपील की कि शोभायात्रा को संयमित और स्वनियंत्रित तरीके से निकाला जाए। उन्होंने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने, निर्धारित रूट और समय का पालन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
वहीं पुलिस अधीक्षक (सिटी) Kumar Shivashish ने कहा कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि जुलूस में नशे की हालत में शामिल होने से रोकना होगा और साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


















