जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां प्रखंड क्षेत्र के कुदासिंगी गांव निवासी एवं झारखंड आंदोलनकारी विमल हाईबुरू का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

स्व. विमल हाईबुरू के अंतिम संस्कार में खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई शामिल हुए। उन्होंने कुदासिंगी गांव पहुंचकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि स्व. विमल हाईबुरू का झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका निधन क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने मरांग बुरू से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। स्व. हाईबुरू का अंतिम संस्कार आदिवासी रीति-रिवाज के साथ संपन्न किया गया।
इस अवसर पर बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सामाड, जोरडीहा पंचायत की मुखिया सोनामनी पुरती, पूर्व मुखिया मांगीलाल पुरती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।


















