खरसावां / Balram Panda: सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने रंगदारी और लेवी वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी और आक्रामक कार्रवाई करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को करारा झटका लगा है.
आमदा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिताकलाग स्थित पुल निर्माण कंपनी के साइट पर अपराधियों द्वारा मुंशी और मजदूरों को धमकाकर तथा फोन पर “जंगल के नाम” पर काम जारी रखने के एवज में पांच लाख रुपये की लेवी मांगने का मामला सामने आया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सातों आरोपियों को धर दबोचा. छापेमारी में एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, धमकी देने में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन व सीम, कुल 9 मोबाइल सेट तथा तीन बाइक बरामद की गई हैं, जिसे पुलिस ने हथियारों और आपराधिक संसाधनों का जखीरा बताया है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सभी अपराधी पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और चोरी, आर्म्स एक्ट, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। इससे इनके संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं.
बता दे सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार संवैया, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार, योगेश रजक सहित सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा की टीम की निर्णायक भूमिका रही.
वहीं, एसडीपीओ ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में रंगदारी, लेवी और संगठित अपराध के खिलाफ इसी तरह की सख्त, सतत और आक्रामक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
बाईट-
समीर कुमार संवैया (एसडीपीओ – सरायकेला)
















