जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम क्षेत्र रोलाहातु पंचायत के कोमाय स्कूल मैदान में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीतीश कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य रूप से खरसावां विधायक दशरथ गागराई उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनता दरबार में दूर-दराज गांवों से आए ग्रामीणों ने सड़क, पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने पीसीसी सड़क निर्माण, चापानल मरम्मत, हर घर नल-जल योजना से जोड़ने, बंद बीएसएनएल टावर चालू कराने और आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत की मांग रखी।
कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य समस्याओं के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है, जिसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जलापूर्ति जैसी समस्याओं का जिला और राज्य स्तर पर समन्वय कर समाधान किया जाएगा। साथ ही बंद मोबाइल टावरों को जल्द चालू करने की प्रक्रिया जारी है।
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिन्हें जल्द योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा सुदूर क्षेत्र में पहुंचकर जनता दरबार आयोजित करने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा, बीटीएम राजेश कुमार, रमेश द्विवेदी, डॉ सुजीत मुर्मू, बीइईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहीर कुमार, कृष्णा महतो, मुखिया करम सिंह मुंडा, मुखिया सास्त्री सांगा, भोंज सांगा, राहुल सोय, लखीराम मुंडा, गोवरा मुंडा, मनीराम मुंडा आदि ग्रामीण व प्रखंड अंचल के कर्मी उपस्थित थे।


















