जनसंवाद, जमशेदपुर। शिक्षा के साथ रोजगार के क्षेत्र में निरंतर उपलब्धि हासिल कर रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग के 8 छात्रों का चयन लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी दिल्लीवेरी में हुआ है।
यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया में बीबीए और एमबीए के छात्रों ने भाग लिया। चयन के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद कंपनी ने 8 छात्रों को ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव पद के लिए चुना है।
चयनित छात्रों को 1.80 लाख रुपये प्रति वर्ष का वेतन पैकेज दिया गया है। खास बात यह है कि सभी छात्रों को जमशेदपुर में ही नियुक्ति मिली है, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलना छात्रों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनी में चयन इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय के छात्र उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हैं। उन्होंने सभी चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं कुलपति डॉ प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि प्रबंधन के छात्रों के लिए व्यावहारिक अनुभव अत्यंत आवश्यक होता है और इस प्रकार की नियुक्ति उनके करियर की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट विभाग लगातार ऐसी कंपनियों को आमंत्रित कर रहा है जो छात्रों के विकास में सहायक हों।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्लेसमेंट टीम के प्रयासों को दिया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य छात्र भी इसी तरह सफलता हासिल करेंगे।

















