जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित Sona Devi University में बुधवार को धालभूमगढ़ के PM Shri Kokpara High School के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भ्रमण में करीब 150 छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस सुनीता दास के नेतृत्व में कुल नौ शिक्षक भी विद्यार्थियों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नित नयना के मार्गदर्शन में छात्रों को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों और शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट की सहायक प्राध्यापक प्रिंसी झा और सुप्रिया झा ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और यहां उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
कुलसचिव डॉ. नित नयना ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों में संचालित कोर्स, आधुनिक शिक्षा प्रणाली और करियर संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ एनएसएस, खेलकूद, योगा एंड नेचुरोपैथी, फाइन आर्ट्स और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापक डॉ. नीलमणि कुमार ने छात्रों को प्रेरणादायी संबोधन देते हुए समय प्रबंधन, अनुशासन और एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर भविष्य की तैयारी करने की सलाह दी।
भ्रमण के दौरान छात्रों को विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी, विभिन्न विभागों की प्रयोगशालाएं और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी दिखाई गईं। विश्वविद्यालय के शिक्षकों के सहयोग और प्रेरणादायी मार्गदर्शन से विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।


















