जनसंवाद, जमशेदपुर। टुइलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में आयोजित चैत्र नवरात्रि ज्वारा महोत्सव में छत्तीसगढ़ से आई जश गायन मंडली अपनी प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही है। भक्ति गीतों और जश गायन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
जय मां कालिका सेवा भजन मंडली, ग्राम सुखरी (राजनांदगांव) से आई इस मंडली का नेतृत्व मुख्य गायक बनवारी यादव कर रहे हैं। मंडली में हरी राम (कोरस), कमल यादव (नाल), राहुल यादव (पैड), डिगेश्वर साहू (तबला), विजय यादव (बैंजो), उमेन्द्र यादव (शहनाई ऑर्गन), पन्ना निषाद (सहयोगी गायक) और दुर्गा साहू (गायिका) शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ समाज की परंपरा के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाले इस ज्वारा महोत्सव में प्रतिदिन संध्या आरती के बाद माता को प्रसन्न करने के लिए जश गीत और देवी-देवताओं के भजन प्रस्तुत किए जाते हैं। इन भजनों के माध्यम से भक्तों में विशेष आस्था और भक्ति का संचार होता है।
मंदिर समिति के अनुसार, टुइलाडुंगरी में हर वर्ष छत्तीसगढ़ से जश गायन मंडली को आमंत्रित किया जाता है, जिनकी प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहती हैं।
आयोजन के तहत गुरुवार को दोपहर 3 बजे हवन कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके पश्चात महिलाओं के लिए माता के पट दर्शन हेतु मंदिर के द्वार खोले जाएंगे।
ज्वारा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और भक्ति भाव से कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।




















