जनसंवाद, जमशेदपुर। विश्व जल दिवस के अवसर पर श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के इको क्लब द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जल संकट और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अकाली टुडू, सचिव, जुमिद तिरला गवंटा ट्रस्ट एवं झारखंड की जल योद्धा चैंपियन उपस्थित रहीं। उन्होंने जल संरक्षण विषय पर आयोजित सत्र में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल की बर्बादी को कम करने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा जैसे कई व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उनके विचारों से विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान जल संरक्षण के प्रति सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे, जिससे एक जल-सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

















