जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को खरसावां थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों का जायजा लेकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और थाना प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना हाजत, मालखाना, थाना कार्यालय, अभिलेख संधारण कक्ष और शस्त्रागार का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना में दर्ज मामलों के अभिलेख, लंबित कांडों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। साथ ही मालखाना में जब्त सामानों के रखरखाव और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने थाना हाजत की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने थाना परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और नियमित गश्ती अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार करना और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने थाना के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

















