जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड के ओड़िया ग्राम पंचायत एवं तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन, पेयजल व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि ओड़िया ग्राम पंचायत में करीब 30 वर्षों से लंबित मांग के बाद वर्ष 2025 में जिला परिषद की ओर से स्वीकृत नव निर्मित पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। पंचायत भवन नहीं होने के कारण पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को सरकारी अभिलेखों के रखरखाव एवं प्रशासनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के बनने से अब पंचायत की गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा।
उपाध्यक्ष ने गांव में पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला के सहयोग से धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना के तहत 23 डीप बोरिंग सह सोलर पैनल युक्त जलमीनार स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके बाद उन्होंने सपादा गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सड़क, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव में जिला परिषद की ओर से उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और इसकी नींव की खुदाई का कार्य शुरू हो गया है।
मधुश्री महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुकड़ू प्रखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, गोदाम भवन, आधुनिक बस स्टैंड, पंचायत भवन, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग, नाली, पीसीसी सड़क और तालाबों के जीर्णोद्धार जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















