सरायकेला / Balram Panda: चांडिल-मुरी रेलखंड पर शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई, तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चानो गांव के समीप तिरुलडीह और बकारकुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, हादसा रेलवे पोल संख्या 318/15 एवं 319/15 के बीच हुआ, मृतक की पहचान चानो गांव निवासी मंगल सिंह मुंडा (50 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह मुंडा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे थे, हालांकि, वे किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचे और हादसा कैसे हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों सहित अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
प्रशासन ने लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध या असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है, फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

















