आदित्यपुर : आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है, 15 अगस्त के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने देर रात विशेष चेकिंग एवं छापेमारी अभियान चलाया.
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खड़खाई ब्रिज समेत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया, इस दौरान सड़क पर संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों और वाहनों की जांच की गई। साथ ही अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही.
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने होटल, बार और शराब दुकानों में भी जांच की, पुलिस ने संचालकों और वहां मौजूद लोगों की गतिविधियों की पड़ताल की तथा संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने वाले लोगों से पूछताछ की.
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस की यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
देर रात तक चले इस अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही, पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
स्वतंत्रता दिवस को लेकर आदित्यपुर पुलिस की सक्रियता से साफ है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा रही है और पूरे थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं जांच अभियान जारी रहेगा.

















