आदित्यपुर / Balram Panda :80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति ने देशभक्ति और सामाजिक सम्मान का ऐसा आयोजन किया, जिसमें राष्ट्रभक्ति के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी गूंजा, आदित्यपुर-1 स्थित शेर पंजाब चौक के समीप बोधी कॉम्प्लेक्स के पास समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने सुबह 10:45 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.

ध्वजारोहण से पहले सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, तिरंगा फहरते ही पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया, इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ. अपने संबोधन में पुरेंद्र नारायण सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें विरासत में नहीं मिली, बल्कि देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर इसे हासिल किया है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर दिन-रात राष्ट्र की रक्षा में तैनात जवानों को पूरा देश सलाम करता है.

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत ने विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, उद्योग और विकास के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन देश के सामने अभी भी कई चुनौतियां मौजूद हैं। इन चुनौतियों का मुकाबला किसी एक व्यक्ति या सरकार के भरोसे नहीं, बल्कि 125 करोड़ से अधिक देशवासियों की एकजुट इच्छाशक्ति और जिम्मेदारी से ही संभव है.

पुरेंद्र ने कहा कि अब समय केवल उपलब्धियों पर गर्व करने का नहीं, बल्कि भारत को और मजबूत, सक्षम, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निर्णायक संकल्प लेने का है। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक एकता, विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
देशभक्ति के साथ समाज के नायकों का सम्मान
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति की ओर से समाज के करीब 200 प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, भूतपूर्व सैनिकों और समाजसेवियों को उपहार देकर सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक योगदान के प्रति आभार जताया गया.

समिति का यह कदम स्वतंत्रता दिवस को महज औपचारिक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को सम्मान देने और नई पीढ़ी को उनके योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश देता नजर आया.
कल्याण कुंज में भी फहराया तिरंगा
इससे पूर्व पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर-10 के कल्याण कुंज सभागार के समक्ष भी ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी, दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, वीरेंद्र यादव, एसएन यादव, रामानंद भक्त, संजय कुमार सिंह, पार्षद धनंजय गुप्ता, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव, देव प्रकाश, विनोद कुमार सिंह, मनोज चौरसिया, उदित यादव, अश्वनी कुमार सिंह, मनोज जायसवाल, उमाशंकर राम, रामजी शर्मा, एसडी प्रसाद, यदुनंदन राम, दिलीप मंडल, संतोष यादव, रमेश ठाकुर, पीडी सिंह, बंधु यादव, राजेश्वर पंडित, विमल दास, फौजी शैलेंद्र कुमार, जनार्दन कुमार, संजीव कुमार, भुनेश्वर यादव, सुनील कुमार शर्मा, ओमप्रकाश, आशुतोष गुप्ता, विनोद जायसवाल, अयोध्या गिरी, ऋषि गुप्ता, आरके अनिल, प्रभास कुमार झा, मिथिलेश झा, अधिवक्ता संजय कुमार, जवाहरलाल सिंह, शैलेंद्र कुमार, जेएल सिंह, सिमरन मेहरा, विशाल राणा, विवेक राणा, केएल यादव, नगीना यादव, राजू सरदार, महादेव महतो, शिवनारायण पंडित, रमाशंकर सिंह, रामेश्वर प्रसाद, जयप्रकाश यादव, सोनू पासवान, राकेश कुमार और अखिलेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन तिरंगे को सलामी देने के साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला आयोजन बनकर सामने आया.

















