सरायकेला / Balram Panda : खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है, उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनगर थाना क्षेत्र के जनबानी और हनुमतबेड़ा गांव में छापेमारी की गई.

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग की टीम ने चार अवैध महुआ चुलाई भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया, छापेमारी के दौरान करीब 7,100 किलोग्राम जावा महुआ और 140 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई.
कार्रवाई के बाद बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त किया गया, वहीं, अवैध चुलाई अड्डा संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि ग्रामीण इलाकों में छिपकर चलाए जा रहे अवैध शराब के कारोबार पर प्रशासन की नजर बनी हुई है, हालांकि, बड़ी मात्रा में जावा महुआ की बरामदगी यह भी बताती है कि अवैध शराब निर्माण का नेटवर्क अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. अब सवाल सिर्फ भट्ठियां तोड़ने तक सीमित नहीं है, अवैध शराब के इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं, इसका नेटवर्क कितना बड़ा है और इस पर स्थायी रोक कब लगेगी—यह देखना अहम होगा.

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, राजनगर में हुई यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के लिए साफ संदेश है—कारोबार अवैध होगा तो कार्रवाई भी सख्त होगी.



































