सरायकेला / Balram Panda: परिसदन में झारखंड मुक्ति मोर्चा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हुई, जिला अध्यक्ष डॉ. शुवेंदु महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सिंहभूम सांसद जोबा माझी, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई और सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी और प्रखंड एवं नगर संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए.

बैठक में केंद्र सरकार के खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, झामुमो नेताओं ने झारखंड के खनिज और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार तथा आम लोगों के हितों को लेकर चिंता जताई.

बैठक के बाद गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा सिर्फ जमीन के नीचे मौजूद संसाधन नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक ताकत और यहां के लोगों के अधिकार से जुड़ा विषय है, उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान, अस्मिता और जीवन का आधार हैं और इनके अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाएगा.

पार्टी ने विधेयक के विरोध में संगठन को और मजबूत करते हुए राज्यहित में एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया, बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है.
अब देखना होगा कि खनिज अधिकारों के इस मुद्दे को लेकर झामुमो आने वाले दिनों में किस स्तर पर आंदोलन को आगे बढ़ाता है और केंद्र के फैसले के खिलाफ राजनीतिक रणनीति क्या रहती है.



































