जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चयनित 9 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण किया गया। वैष्णवी इंटरप्राइजेज, रांची के माध्यम से आयोजित वितरण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम और पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों को पशुधन सौंपा।
9 लाभुकों को मिले बकरा-बकरी
कार्यक्रम के दौरान 4 लाभुकों को 8 बकरी और 2 बकरा, जबकि 5 लाभुकों को 4 बकरी और 1 बकरा का वितरण किया गया। पशुधन मिलने पर लाभुकों में खुशी देखी गई।
बकरी पालन से बढ़ेगी ग्रामीण परिवारों की आय
विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, पशुपालकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पशुपालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बकरी पालन कम लागत में आय का बेहतर साधन बन सकता है। लाभुक पशुओं की उचित देखभाल करें और योजना का बेहतर लाभ उठाएं।
पशुपालन को रोजगार का साधन बनाने पर जोर
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। योजना के माध्यम से लाभुकों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम ने लाभुकों को बधाई देते हुए पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने तथा पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
विभाग देगा स्वास्थ्य और टीकाकरण में सहयोग
पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने बताया कि चयनित लाभुकों को विभाग की ओर से गुणवत्तापूर्ण बकरा-बकरी उपलब्ध कराए गए हैं। पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और देखभाल को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने लाभुकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने की सलाह दी, ताकि बेहतर उत्पादन और अधिक आय प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह, ग्रीस सोय, उमेश कुमार, राजेश कुमार सहित सभी लाभुक उपस्थित रहे।

















