सरायकेला / Balram Panda : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में हुई इस बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारू रखने और पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.
बैठक में ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, पूजा समितियां निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में वॉलिंटियरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी.

वॉलिंटियरों का सत्यापन अनिवार्य
प्रभारी ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि वे अपने वॉलिंटियरों के नाम, फोटो और आधार कार्ड की जानकारी संबंधित थाने में जमा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके, उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगई, अराजकता या शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आम लोगों और पूजा समितियों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बैठक के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ-साथ पूजा समितियों और आम नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है.

















