जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। दशहरा मेले के अवसर पर खुंटपानी प्रखंड के कुमारलोटा गांव में यंग राइजिंग स्टार क्लब के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला पीएससी चोंयासाई और जोंको ब्रदर्स बिंदीबासा के बीच खेला गया, जिसमें पीएससी चोंयासाई की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता एवं अन्य टीमों को पुरस्कृत किया।
विजेता और उपविजेता टीम को मिला पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता पीएससी चोंयासाई की टीम को एक खस्सी और 35 हजार रुपये, जबकि उपविजेता जोंको ब्रदर्स बिंदीबासा की टीम को एक खस्सी और 30 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

वहीं, तीसरे स्थान पर रही दुंबीसाई की टीम को एक खस्सी और 20 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही दिव्यानी एफसी की टीम को एक खस्सी और 15 हजार रुपये दिए गए। पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
खेल से युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेल से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवा अपनी प्रतिभा को पहचान दिला सकते हैं और आगे चलकर जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
विधायक ने आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय पहल है। इससे गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है।
बासंती गागराई ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी बासंती गागराई ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
चार दिनों तक चले इस फुटबॉल महाकुंभ से कुमारलोटा सहित आसपास के गांवों में खेल का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में यंग राइजिंग स्टार क्लब के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में अतिथियों ने चैंपियन पीएससी चोंयासाई की टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई, डीडीसी प्रवीण गागराई, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसरा, मुखिया माधुरी हेंब्रम, बीरसिंह हेंब्रम, डिंबू तियू और सतीश पुरती सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

















