जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत भवन में मुखिया Karam Singh Munda की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा एवं कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्ड सदस्य, जलसहिया और ग्राम मुंडा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। मुखिया करम सिंह मुंडा ने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा और आवास योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों को धरातल पर सुचारू रूप से लागू करने पर चर्चा की गई।
गर्मी के मौसम को देखते हुए बैठक में पेयजल समस्या प्रमुख मुद्दा रहा। पंचायत के विभिन्न गांवों और वार्डों में खराब पड़े चापाकल और जलमीनार की मरम्मत कराने पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
मुखिया ने कहा कि विशेष ग्राम सभा के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं का चयन कर उन्हें जमीन पर उतारा जाएगा, जिससे गांवों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी बैठकों के जरिए सरकारी योजनाओं की निगरानी और ग्राम समृद्धि एवं लचीलापन योजना के तहत सतत विकास को बढ़ावा दिया जाता है।
बैठक में पंसस सोनामनी मुंडा, उपमुखिया सुखलाल मुंडा, पंचायत सचिव हरे कृष्णा प्रधान, ग्राम मुंडा बैकुंठ मुंडा, राजू मुंडा, सनोका मुंडा, तारामनी मुंडा, कार्तिक मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



















