सरायकेला / Balram Panda : थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर पंचायत के घाघी गांव में मंगलवार को पारंपरिक मंगला पूजा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुई। पूजा की शुरुआत गांव के बड़े तालाब से विधिवत घट (कलश) लाकर की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया.

श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए जुलूस के रूप में ढोल-मांदर की गूंज के साथ घट को पूजा स्थल तक लेकर पहुंचे. इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा और गांव में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला.

पूजा कार्यक्रम में सामाजिक व जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही. इस अवसर पर नेशनल एंटी करप्शन ऑपरेशन कमिटी ऑफ इंडिया के राज्य सचिव अनिल मुखी भी उपस्थित रहे और उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.

ग्रामीणों ने बताया कि मंगला पूजा गांव की परंपरा और आस्था का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष पूरे विधि-विधान और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाता है. इस आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का संदेश दिया.




















