आदित्यपुर / Balram Panda: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, कल्पनापुरी स्थित श्मशान भूमि के जंगल में एक युवक की उसके ही साथियों ने बोतल से पीट-पीटकर हत्या कर दी, दिनदहाड़े हुई इस हिंसक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अपने कुछ साथियों के साथ श्मशान भूमि के आसपास सुनसान जंगल में बैठा था, आशंका है कि इस दौरान सभी शराब पी रहे थे, इसी बीच किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ, देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बोतल से किए गए ताबड़तोड़ हमले में युवक की जान चली गई.
वारदात की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, पुलिस ने बिना देर किए श्मशान भूमि से सटे जंगल की घेराबंदी कर दी, भागने की कोशिश कर रहे दो संदिग्ध आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बल प्रयोग कर मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, पुलिस की तत्परता के कारण दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार नहीं हो सके.
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है, पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी.
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर आपसी विवाद के हिंसक अंजाम और अपराध की गंभीरता को उजागर कर दिया है, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

















