आदित्यपुर / Balram Panda : राम मड़ैया बस्ती में लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सेवा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की एक सराहनीय तस्वीर देखने को मिल रही है, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राम मड़ैया बस्ती छठ घाट सेवा समिति की ओर से विशेष सेवा शिविर लगाया गया है.
इस सेवा शिविर के माध्यम से घाट पर पहुंचने वाले छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच दूध, फल, अगरबत्ती, चाय और बिस्किट का वितरण किया जा रहा है, वहीं, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा यानी फर्स्ट एड किट भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके.

महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समिति के सदस्य लगातार सेवा कार्य में जुटे हुए हैं, वहीं, घाट पर जिला प्रशासन की टीम भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है, प्रशासनिक कर्मियों द्वारा घाट की व्यवस्था और सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इस सेवा शिविर की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष किशन सोनकर कर रहे हैं, जबकि आयोजन का संयोजन आकाश सोनकर द्वारा किया जा रहा है, दोनों के नेतृत्व और समिति के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से छठ घाट पर सेवा और सहयोग का बेहतर वातावरण तैयार किया गया है.

आस्था के इस महापर्व पर राम मड़ैया बस्ती छठ घाट सेवा समिति की यह पहल संदेश दे रही है कि छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, समर्पण और सामाजिक एकता का भी महापर्व है.

















