आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 12 से पार्षद पद के प्रत्याशी, युवा आदिवासी-मूलवासी नेता मोती लाल बिसुई को चुनाव चिन्ह अलमीरा छाप मिलने के साथ ही वार्ड में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। चिन्ह मिलते ही उन्होंने आक्रामक जनसंपर्क अभियान छेड़ दिया है, जिससे सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं.
जनसंपर्क के दौरान मोती लाल बिसुई ने दो टूक कहा कि वार्ड संख्या 12 के आदिवासी-मूलवासी, श्रमिक, युवा और आम नागरिकों का विश्वास ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से संवाद करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि “वार्ड संख्या 12 की जनता मेरा परिवार है और परिवार के हक, सम्मान और विकास के लिए मैं अंतिम दम तक लड़ूंगा.

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से वार्ड संख्या 12 को केवल वोट बैंक समझा गया, लेकिन मूलभूत समस्याओं पर किसी ने गंभीरता से काम नहीं किया। अब वार्ड की जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव एक युवा, ईमानदार और जमीनी आदिवासी-मूलवासी नेतृत्व के माध्यम से संभव है.
मोती लाल बिसुई ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ पार्षद बनना नहीं, बल्कि वार्ड की बदहाली को खत्म करना है। सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर अब सिर्फ वादे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई होगी. उन्होंने दावा किया कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वार्ड संख्या 12 को विकास के साथ-साथ आदिवासी-मूलवासी स्वाभिमान का प्रतीक वार्ड बनाया जाएगा.
अपने तेवर स्पष्ट करते हुए उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे डर, दबाव और भ्रम की राजनीति से बाहर निकलकर एक मजबूत और ईमानदार विकल्प को समर्थन दें. वार्ड संख्या 12 में इस समय चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है और मोती लाल बिसुई का जनसंपर्क अभियान राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है.























