आदित्यपुर / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में विवाहिता पिंकी कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है, दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति मनीष शर्मा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, इस कार्रवाई के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और अब पुलिस की जांच में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी नजर है.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में ललित महतो, पिता स्वर्गीय महेश्वर महतो, निवासी रोड नंबर तीन, आदित्यपुर-1, ब्लॉक नंबर 22/2/2 के लिखित आवेदन पर 27 अक्टूबर 2026 को आदित्यपुर थाना कांड संख्या 306/26 दर्ज किया गया था, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया.
जांच के दौरान पुलिस ने मनीष शर्मा, उसके पिता श्याम शर्मा, मां पूनम शर्मा और सतीश शर्मा को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बसंती मंदिर, सतवानी स्थित जॉइनेस्ट अपार्टमेंट, रोड नंबर तीन के निवासी बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, पिंकी कुमारी और मनीष शर्मा के बीच प्रेम संबंध था, दोनों ने 6 जून 2026 को रजरप्पा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था, शादी के बाद दोनों आदित्यपुर के जॉइनेस्ट अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे.
फिलहाल, विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है, दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की सच्चाई जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया में सामने आएगी.

















