चाईबासा / Balram Panda: बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है, इसी क्रम में आरक्षी पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी के नेतृत्व में सोमवार को एनएच-220 चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग किनारे स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय टेकासाई में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क पार करने के तरीकों की जानकारी दी गई, साथ ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर के लिए स्लाइडिंग बैरियर भी उपलब्ध कराया गया.

आरक्षी पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, उन्होंने कहा कि जिले के विद्यालयों में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जबकि मुख्य सड़कों के किनारे स्थित स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन कार्यालय की सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियम, रोड मार्किंग, यातायात संकेत, सूचना बोर्ड और नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी, बच्चों को तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने जैसी दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों से भी अवगत कराया गया.

चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक कन्हैया पांडेय ने बच्चों को हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बाल मजदूरी, बाल विवाह, बाल शोषण और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मामलों में तत्काल सहायता लेने के प्रति जागरूक किया.
कार्यक्रम में गुड सेमेरिटन योजना और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए उपलब्ध मुआवजा प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और परिवार, विद्यालय तथा समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाएं.

कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय की सड़क सुरक्षा टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय के प्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है.



































