जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खरसावां स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पार्टी कार्यालय में छात्रों और युवाओं से जुड़े मौजूदा मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरसावां विधायक दशरथ गागराई और झामुमो सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने भाजपा पर छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक रंग देने और युवाओं को राजनीतिक संघर्ष का मोहरा बनाने का आरोप लगाया।
भाजपा पर छात्रों को राजनीतिक मोहरा बनाने का आरोप
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख छात्रों और युवाओं को ढाल बनाकर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे की आड़ में राजनीति करने वालों को झारखंड की जनता पहचान चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़े राजनीतिक हित रखने वाले लोग तथा कुछ कोचिंग संस्थानों से जुड़े तत्व छात्रों को उकसाने का काम कर रहे हैं। छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय उन्हें आंदोलन और टकराव की राजनीति में धकेलना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
“छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना छात्रहित नहीं”
दशरथ गागराई ने कहा कि भाजपा नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि वे वास्तव में छात्रों की समस्याओं का समाधान चाहते हैं या उन्हें अपनी राजनीतिक लड़ाई का मोहरा बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की चिंता है तो सरकार से बातचीत करनी चाहिए, तथ्य सामने रखने चाहिए और समाधान का रास्ता सुझाना चाहिए। छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना न छात्रहित है और न ही लोकतांत्रिक राजनीति।
बाबूलाल मरांडी से गागराई ने किया सवाल
विधायक ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के बीच जाकर उन्हें राजनीतिक नारों और उकसावे में उलझाने से उनके भविष्य का क्या भला होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र किसी राजनीतिक दल के मोहरे नहीं हैं। उन्हें शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य की चिंता है।
कानून तोड़ने वालों पर हो निष्पक्ष कार्रवाई
दशरथ गागराई ने कहा कि यदि कहीं मारपीट या कानून का उल्लंघन हुआ है तो पुलिस-प्रशासन को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति को दोषी ठहराना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार और शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकार का सम्मान करता है। हालांकि आंदोलन के नाम पर हिंसा, उकसावे या राजनीतिक टकराव को बढ़ावा देने का समर्थन नहीं किया जा सकता।
भाजपा पहले बयान पर स्पष्टीकरण दे: गागराई
विधायक ने कहा कि भाजपा को छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश झारखंड में सफल नहीं होगी।
गागराई ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को पहले अपने बयान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और यदि उनके बयान से झामुमो कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से बदनाम किया गया है तो उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।
बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं: विधायक
उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के झामुमो कार्यकर्ताओं को बदनाम करना उचित नहीं है। यदि किसी घटना में कानून का उल्लंघन हुआ है तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक फैसला सुनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
कोचिंग संस्थानों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि कोचिंग संस्थानों या शिक्षा के नाम पर कारोबार करने वाले किसी भी समूह को छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि छात्रों को भ्रम और आक्रोश की ओर धकेलने के बजाय उन्हें सही तथ्य, उचित मार्गदर्शन और उनके भविष्य से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा की जरूरत है।
युवाओं के हित में सरकार काम कर रही: शुभेंदु महतो
डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार युवाओं और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। भाजपा के पास यदि कोई ठोस सुझाव है तो उसे सरकार के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को उकसाकर और माहौल खराब कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश झारखंड की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
शिक्षा और रोजगार पर संवाद की जरूरत
झामुमो नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि झारखंड के युवा जागरूक हैं और अपने भविष्य का फैसला स्वयं करने में सक्षम हैं। शिक्षा, रोजगार और छात्रहित से जुड़े विषयों पर सरकार, छात्रों और सभी राजनीतिक दलों के बीच संवाद होना चाहिए, न कि युवाओं को राजनीतिक टकराव का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक दशरथ गागराई, जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, जिला परिषद सदस्य कालीचरण बानरा, अविनाश कवि, कृष्ण राणा, कृष्णा प्रधान, भवेश मिश्रा, ललन तिवारी, साधुचरण सोय, सानगी हेंब्रम, पिंटू महतो, संजू हाईबुरू, यशोदा गोप, सुमित्रा रविदास, सरिता हांसदा, संगीता रजक सहित झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



































