जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां विधायक दशरथ गागराई खरसावां प्रखंड के बागराईडीह और सरायकेला क्षेत्र के मुरूप गांव में आयोजित मनसा पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सर्पों की देवी मां मनसा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। विधायक के पूजा में शामिल होने से स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। दोनों गांवों में मनसा पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा।
बागराईडीह और मुरूप में की पूजा-अर्चना
बागराईडीह गांव में आयोजित पूजा के दौरान विधायक दशरथ गागराई ने मां मनसा के समक्ष माथा टेककर क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। वहीं, सरायकेला क्षेत्र के मुरूप गांव में भी मनसा पूजा में शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मनसा पूजा झारखंड के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में विशेष धार्मिक महत्व रखती है। मां मनसा को सर्पों की देवी के रूप में पूजा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि मां मनसा की आराधना करने से सर्पदंश जैसी अनहोनी से रक्षा होती है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी आस्था और विश्वास के साथ श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष मां की पूजा-अर्चना करते हैं।
धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता के प्रतीक
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं एवं सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। गांवों में मनाए जाने वाले पर्व-त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने मां मनसा से क्षेत्र में शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की कामना की। मनसा पूजा के अवसर पर दोनों गांवों में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से मां की आराधना की। मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ये भी भी थे उपस्थित
विधायक दशरथ गागराई के बागराईडीह और मुरूप गांव पहुंचकर पूजा में शामिल होने से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई। मौके पर भगत महतो, डॉक्टर महतो, श्रीकांत महतो, संजय प्रधान आदि उपस्थित थे।

















