जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने झारखंड विधानसभा में सरायकेला-खरसावां जिले के दुगनी स्थित संजय नदी पर बन रहे बराज निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द पूरा कराने की मांग की।
विधानसभा में पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में सरकार ने स्वीकार किया कि दुगनी में संजय नदी पर वर्ष 2018 में लगभग 95.43 करोड़ रुपये की लागत से बराज निर्माण योजना की शुरुआत की गई थी। योजना को वर्ष 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
सरकार ने बताया कि वर्तमान में बराज निर्माण कार्य तकनीकी कारणों से बाधित हुआ है। निर्माण के दौरान बराज के चार पियर्स के नीचे निर्धारित गहराई तक खुदाई करने के बाद भी कठोर चट्टानी परत (हार्ड स्ट्राटा) नहीं मिलने के कारण लगभग 3 मीटर अतिरिक्त गहराई तक खुदाई करनी पड़ी।
इसके साथ ही पियर्स का आकार बढ़ाने की आवश्यकता पड़ने के कारण परियोजना की लागत में अप्रत्याशित वृद्धि हुई। इसी कारण परियोजना से संबंधित संशोधित प्रस्ताव की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।
सरकार ने सदन को आश्वस्त किया कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही बराज निर्माण कार्य को जल्द पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा और परियोजना को शीघ्र पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि यह बराज क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से सिंचाई की सुविधा बेहतर होगी और क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति मिलेगी।



































