जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां के प्रख्यात छऊ गुरु एवं +2 उच्च विद्यालय खरसावां के पूर्व प्रधानाध्यापक कामाख्या प्रसाद षड़ंगी के निधन की सूचना पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। विधायक ने परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और साहस बनाए रखने का भरोसा दिया।
शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में अहम योगदान
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि कामाख्या प्रसाद षड़ंगी शिक्षा और संस्कृति जगत की सम्मानित हस्ती थे। एक कुशल शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक के रूप में उन्होंने लंबे समय तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि षड़ंगी ने खरसावां की समृद्ध छऊ संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से क्षेत्र के अनेक युवा कलाकारों को छऊ नृत्य सीखने का अवसर मिला और खरसावां की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिली।
निधन को बताया अपूरणीय क्षति
विधायक ने कहा कि कामाख्या प्रसाद षड़ंगी का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे खरसावां क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनका सरल स्वभाव, अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। विधायक ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
बुडीतोपा कदमडीह पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिले
इसी दौरान विधायक दशरथ गागराई ने खरसावां के बुडीतोपा कदमडीह पहुंचकर मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
इस दौरान भवेश मिश्रा, दीपक नायक, मानस साहु, सुशांत षड़ंगी, सरोज मिश्रा, जयजीत षड़ंगी और झलक हाजरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

















