सरायकेला / Balram Panda: जिले के चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की इस त्वरित एवं सटीक कार्रवाई से मामले का लगभग पूरी तरह खुलासा हो गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काण्ड संख्या 146/2025 के तहत दर्ज इस मामले में 06 सितंबर 2025 की रात्रि वार्ड संख्या-21 स्थित हैदर फैक्ट्री के समीप अपराधियों द्वारा मो. जैद खान उर्फ प्रिंस बच्चा पर जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए कपाली ओपी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
साथ ही, घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया गया था. इसी क्रम में काण्ड के फरार आरोपी राशिद उर्फ मोहम्मद राशिद (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी अंसारनगर, डैमडूबी, कपाली को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर काण्ड में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH05DX 1765) भी बरामद कर ली गई है, जो इस मामले के अनुसंधान में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में उभरी है. पूरी कार्रवाई कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा संपन्न की गई, जिसमें अनुसंधानकर्ता रंजीत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही.
वहीं, कपाली ओपी प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी परिस्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.

















