जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खरसावां विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी सह समाजसेवी बासंती गागराई ने कुचाई प्रखंड क्षेत्र में कुल 65 लाख रुपये की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा और कृषि—दोनों क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र रोलाहातु पंचायत अंतर्गत कोमाय गांव में लघु सिंचाई प्रमंडल, सरायकेला द्वारा 29 लाख रुपये की लागत से 300 मीटर लंबी पक्की सिंचाई केनाल (नहर) निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं तिलोपदा पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, तिलोपदा में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 4-ACR स्कूल भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया करम सिंह मुंडा एवं मुखिया राम सोय द्वारा संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि “शिक्षा ही मानव जीवन की कुंजी है। ज्ञान, कौशल और नैतिक विकास के माध्यम से शिक्षा व्यक्तिगत और सामाजिक उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम बनती है।” उन्होंने कहा कि तिलोपदा में 4-ACR विद्यालय भवन के निर्माण से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे पढ़ाई-लिखाई में सुविधा होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
वहीं विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप एवं धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि रोलाहातु पंचायत के कोमाय गांव में सिंचाई केनाल का निर्माण किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इससे खेती के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। नहर निर्माण से वर्षभर सिंचाई की सुविधा मिलने पर किसान फसलों के विविधीकरण को अपना सकेंगे, जिससे कृषि अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इन विकास योजनाओं को क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए समाजसेवी बासंती गागराई एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

























