जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को करीब 40 लाख रुपये की लागत से प्रखंड सह अंचल कार्यालय के प्रशासनिक भवन का सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन और मरम्मत कार्य शुरू हुआ। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, चाईबासा की ओर से कराए जाने वाले इस कार्य का खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने शिलापट्ट का अनावरण और नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया।
लंबे समय से थी भवन के कायाकल्प की जरूरत
प्रखंड सह अंचल कार्यालय में विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। लंबे समय से भवन के रखरखाव और सौंदर्यीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब योजना के स्वीकृत होने के बाद कार्यालय भवन के स्वरूप में बदलाव की उम्मीद है।
विधायक बोले- सरकारी भवन प्रखंड की पहचान
शिलान्यास समारोह में विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि प्रशासनिक भवन किसी भी प्रखंड की पहचान होता है। भवन के सौंदर्यीकरण और रंग-रोगन से कार्यालय का स्वरूप बेहतर होगा और यहां आने वाले ग्रामीणों को भी साफ-सुथरा एवं बेहतर वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का बेहतर रखरखाव आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश देता है। इससे कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलता है।
गुणवत्तापूर्ण काम और समय पर पूरा करने का निर्देश
विधायक ने संबंधित अधिकारियों और संवेदक को काम में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि सरकारी राशि का सदुपयोग हो और इसका लाभ जल्द आम लोगों को मिले।
रंगाई-पुताई के साथ मरम्मत भी होगी
ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, चाईबासा के अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत प्रशासनिक भवन की बाहरी और आंतरिक रंगाई-पुताई, आवश्यक मरम्मत, भवन का सौंदर्यीकरण और अन्य विकासात्मक कार्य किए जाएंगे। इससे भवन की उपयोगिता और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।
शिलान्यास समारोह में विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, बीडीओ धनंजय पाठक, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहु, जीप सदस्य जमुना तियू, डिबू तियू, सतीश पुरती, अमरेश महतो सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

















