जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था के साथ क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इस दौरान विधायक ने डीलरों से लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा।
राशन वितरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई की चेतावनी
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि जन वितरण प्रणाली गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्था है। पीडीएस डीलरों को अपनी जिम्मेदारी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निभानी चाहिए।
उन्होंने डीलरों को राशन वितरण से जुड़े अभिलेखों को अद्यतन रखने और लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राशन वितरण को लेकर शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने ग्रामीणों से भी पीडीएस व्यवस्था की निगरानी में सहयोग करने की अपील की।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक के दौरान क्षेत्र में संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
जनजातीय समुदाय को मांदर-नगाड़ा समेत वाद्य यंत्र बांटे
समीक्षा बैठक के बाद विधायक दशरथ गागराई ने जनजातीय समुदाय के लोगों के बीच मांदर, नगाड़ा, ढाक समेत अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्र वितरित किए।
विधायक ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी है। पारंपरिक वाद्य यंत्र इस सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहेगी और आने वाली पीढ़ियों तक यह विरासत पहुंच सकेगी।
कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, बीडीओ धनंजय पाठक, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहु, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाडिया, प्रखंड कर्मी और पीडीएस दुकानदार उपस्थित रहे।

















