जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के आम बगान स्थित बिरसा स्टेडियम में मंगलवार को अरूवां और बारूहातु संकुल के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जीप अध्यक्ष Sonaram Bodra, समाजसेवी Basanti Gagrai, सीओ सुषमा सोरेन, सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।
इस अवसर पर सोनाराम बोदरा ने कहा कि महिला समाज की असली शक्ति है और महिला दिवस मातृशक्ति को समर्पित एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां ईश्वर की कृपा और समृद्धि का वास होता है। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को समाज और परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।
वहीं समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं आज स्थायी और उच्च आय वाली आजीविका की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। नारी शक्ति के बिना प्रगतिशील समाज और मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के लिए किए गए लंबे संघर्ष की याद दिलाने वाला दिन है। मानव सभ्यता की कहानी स्त्री के बिना अधूरी है, क्योंकि वही जीवन की जननी, संस्कृति की वाहक और समाज की संवेदनशील आत्मा है।
कार्यक्रम में जीप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, समाजसेवी बासंती गागराई, सीओ सुषमा सोरेन, सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा, जीप सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, उपप्रमुख सुखदेव सरदार, डीपीएम मोदन नायडू, बीपीएम रमेश द्विवेदी, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया करम सिंह मुंडा सहित विभिन्न गांवों की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।



















