जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड सभागार में बुधवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सरायकेला द्वारा प्रखंड स्तरीय विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख Guddi Devi और अंचल अधिकारी Sushma Soren ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान Jal Jeevan Mission के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार प्लंबर—मकरध्वज महतो, उपेंद्र सरदार, तुराम सोय और सकारी सोय—को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें जल को केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में जल प्रबंधन और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने से देश की जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
वहीं सीओ सुषमा सोरेन ने बताया कि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जल महोत्सव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण पेयजल सेवाओं को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करना, जल गुणवत्ता निगरानी को संस्थागत रूप देना, जल स्रोतों का संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन “जनभागीदारी और सुजल ग्राम” की अवधारणा पर आधारित है, जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर संचालन और अनुरक्षण (O&M) व्यवस्था को सशक्त बनाकर जल सेवाओं की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्यामचंद प्रमाणिक, कनिष्ठ अभियंता पियूष कमल, प्रखंड लिपिक सुनीता सिंह, प्रकाश रंजन गुप्ता सहित सभी मुखिया और जल सहिया उपस्थित रहे।

















