जनसंवाद, खरसावां। खरसावां विधानसभा क्षेत्र के कुचाई प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्रों में विधायक निधि से पूर्ण हुई छह विकास योजनाओं का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय एवं मुखिया करम सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और फीता काटकर योजनाओं का उद्घाटन किया।

इन योजनाओं में कुचाई के बरूबड़ी, चम्पद और कीताकटी गांव में लगभग 950 फीट पीसीसी सड़क निर्माण, ईचाडीह (संकेडीह) एवं कूदाडीह में नए फुटबॉल मैदान का निर्माण तथा संकेडीह में चबूतरा निर्माण कार्य शामिल हैं।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप ने कहा कि विधायक दशरथ गागराई जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सुदूरवर्ती पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में छोटे-छोटे विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गांवों का आधारभूत ढांचा मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि सड़क, खेल मैदान और सामुदायिक संरचनाओं के निर्माण से ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि एवं प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मुंडा, जिला सदस्य सह मुखिया करम सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, नरेश मुंडा सहित कई स्थानीय मानकी-मुंडा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




















