जनसंवाद, कुकड़ू (सरायकेला-खरसावां)। कुकड़ू हाट मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, सोलोआना की ओर से आयोजित गणेश पूजा महोत्सव के तहत शनिवार को मिलन पोद्दार नाइट का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडेय शामिल हुए।
पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय, विशिष्ट अतिथि सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार, सरायकेला जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू, कृष्णा यादव और युवा मोर्चा जिला मंत्री आकाश महतो ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया।
पूजा समिति की ओर से सभी अतिथियों को भगवान श्री गणेश का चित्र और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। आयोजन समिति के रामभजन कुमार, कृष्णा कुम्हार, वसंत पोद्दार, विष्णु कुमार, निधुराम कुमार, मनोज मछुआ, नारायण पोद्दार सहित समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
मेले में मीना बाजार और झूले बने आकर्षण
गणेश पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और लोगों के मनोरंजन के लिए मीना बाजार के साथ विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। शाम होते ही मेला परिसर में लोगों की भीड़ जुट रही है।
स्थानीय कलाकारों को किया गया सम्मानित
शनिवार की मिलन पोद्दार नाइट में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय और प्रशांत कुमार पोद्दार ने स्थानीय कलाकार मिलन पोद्दार और आस्तिक दिवान को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
संस्कृति से जुड़ाव पर दिया जोर
डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने सोलोआना पूजा समिति द्वारा आयोजित महोत्सव की सराहना की।
वहीं प्रशांत कुमार पोद्दार ने क्षेत्र के लोगों से गणेश पूजा महोत्सव में शामिल होने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा मेले का आनंद लेने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

















