जनसंवाद, जमशेदपुर। आगामी 3 मार्च को आयोजित होने वाले महा रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के सभी पदाधिकारी, ब्लड कोऑर्डिनेटर, जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम का नेतृत्व संजय चौधरी ने किया। उन्होंने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों, व्यवस्थाओं और अधिकाधिक रक्तदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत सुझाव दिए।
3 हजार यूनिट से अधिक का लक्ष्य
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि ब्लड बैंक की टीम शिविर के दौरान 16 घंटे से अधिक समय तक सेवा देती है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने टीम के समर्पण की प्रशंसा करते हुए आश्वासन दिया कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक बेहतर और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार रक्तदाताओं के उत्साह को देखते हुए 3 हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, जिसे सभी के सहयोग से हासिल किया जाएगा।
संयुक्त प्रयास से बनेगा सफल आयोजन
संजय चौधरी ने कहा कि यूनियन द्वारा आयोजित इस महा रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक की पूरी टीम पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयास से यह आयोजन एक मिसाल बनेगा।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

















