जनसंवाद, जमशेदपुर। केबुल टाउन स्थित Shri Lakshmi Narayan Temple Cable Town Jamshedpur परिसर में जल्द ही गोसेवा क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में विशेष नस्ल की मिनिएचर काउ (नैनो काउ) का पालन किया जाएगा। इसकी जानकारी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने दी।
विधायक सरयू राय ने बताया कि यह नैनो काउ आंध्र प्रदेश से मंगाई गई है। मंदिर के समीप रहने वाले एक व्यक्ति ने प्रेमवश इन गायों को मंदिर में दिखाने के लिए लाया था। दोनों गायों को देखने के बाद मंदिर परिसर में इनके पालन का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि मिनिएचर काउ या नैनो काउ की ऊंचाई सामान्यतः करीब डेढ़ फुट होती है और यह गाय लगभग एक लीटर दूध देती है। इन गायों का आकार छोटा होने के कारण इनके पालन-पोषण में भी अपेक्षाकृत कम जगह और संसाधनों की आवश्यकता होती है।
जानकारी के अनुसार इस नस्ल की गायें मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के पुंगनूर और केरल के वेचूर क्षेत्र में पाई जाती हैं। मंदिर परिसर में गोसेवा क्षेत्र बनने के बाद यहां इन विशेष नस्ल की गायों की देखभाल की जाएगी और श्रद्धालुओं को भी इन्हें देखने का अवसर मिलेगा।
विधायक सरयू राय ने कहा कि मंदिर परिसर में गोसेवा की इस पहल से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही लोगों में गौसेवा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

















