जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर कैंपस प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन कर इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। हाल ही में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी जय हिंद इंडस्ट्रीज ने डिप्लोमा मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग के कुल 42 छात्रों का चयन किया है।
कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में तकनीकी परीक्षा और साक्षात्कार के विभिन्न चरणों के बाद चयनित विद्यार्थियों को ‘डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी’ (DET) पद पर नियुक्ति दी गई है। कंपनी की ओर से चयनित छात्रों को 2.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष (LPA) का आकर्षक सीटीसी पैकेज ऑफर किया गया है। सभी चयनित छात्रों की नियुक्ति महाराष्ट्र के औद्योगिक शहर पुणे स्थित कंपनी के प्लांट में की जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 42 छात्रों का एक साथ चयन होना विश्वविद्यालय की गुणवत्ता-आधारित तकनीकी शिक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि संस्थान उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिसका परिणाम इस प्लेसमेंट के रूप में सामने आया है।
कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को रोजगार के योग्य और उद्योग-तैयार बनाना है। जय हिंद इंडस्ट्रीज जैसी अग्रणी कंपनी में करियर की शुरुआत करना युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के अनुसार आने वाले समय में कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां भी कैंपस रिक्रूटमेंट के लिए आने वाली हैं। इस उपलब्धि से न केवल छात्रों और अभिभावकों में खुशी है, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक साख भी और मजबूत हुई है।
















