जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत लैब टेक्नीशियन पद की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में सवाल उठने लगे हैं। अभ्यर्थी मुकेश कुमार महतो ने आरोप लगाया है कि प्रारंभिक चयनित मेधा सूची में नाम शामिल होने के बावजूद संशोधित सूची से बिना किसी सूचना और कारण के उनका नाम हटा दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उपायुक्त को आवेदन सौंपा है।
प्रारंभिक चयनित सूची में था नाम, संशोधित सूची से हटाने का आरोप
मुकेश कुमार महतो ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्होंने विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत एनएचएम में लैब टेक्नीशियन पद के लिए आवेदन किया था। उनके अनुसार, विभाग की ओर से जारी प्रारंभिक चयनित मेधा सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन बाद में प्रकाशित संशोधित चयनित सूची से उनका नाम बिना किसी स्पष्टीकरण के हटा दिया गया।
भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
अभ्यर्थी ने आवेदन में भर्ती प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि उनका आवेदन नियमों के अनुरूप नहीं था तो उसे स्वीकार क्यों किया गया। यदि वे पात्र नहीं थे तो उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति क्यों दी गई और प्रारंभिक चयनित सूची में उनका नाम किस आधार पर प्रकाशित किया गया। उनका आरोप है कि पहले चयनित घोषित करना और बाद में बिना कारण नाम हटाना पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।
उपायुक्त से निष्पक्ष जांच और लिखित जवाब की मांग
मुकेश कुमार महतो ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चयनित सूची से नाम हटाने का लिखित कारण उपलब्ध कराने तथा यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या लिपिकीय त्रुटि हुई हो तो उसका नियमानुसार निराकरण कर न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन के साथ उपायुक्त कार्यालय से प्राप्ति रसीद भी जारी होने की बात कही गई है।
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
मामले को लेकर अब जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

















