Advertisement

सरायकेला : उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सीएसआर समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न….

By Balram Panda

Published on:

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में CSR प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक समूहों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुझाव प्राप्त करना तथा सामाजिक विकास के प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग सुनिश्चित करना था.

बैठक में उपायुक्त ने गत वित्तीय वर्ष में कंपनियों द्वारा CSR मद में किए गए व्यय, संचालित योजनाओं तथा आगामी कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास, पेयजल एवं वंचित वर्गों के सामाजिक उत्थान जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अधिकतम CSR योगदान सुनिश्चित करने पर बल दिया. उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने औद्योगिक इकाइयों से संवाद के दौरान कहा कि वे राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भागीदार बनें। उन्होंने एक्स-रे मशीन, ऑपरेशन थिएटर, सोनोग्राफी (USG) जैसी चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत संरचना के उन्नयन, कोचिंग, लाइब्रेरी, करियर काउंसलिंग सेंटर और प्लस-टू विद्यार्थियों के लिए इंटरनेट-आधारित स्टूडियो क्लासरूम के निर्माण में CSR सहयोग देने का आग्रह किया.

Advertisement

उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों से जिले में प्रस्तावित CSR कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके. बैठक के दौरान जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों एवं प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया.

बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत ने अपने संबोधन में कहा कि सरायकेला-खरसावां एक प्रमुख औद्योगिक जिला है, अतः सभी औद्योगिक इकाइयों से अपेक्षा है कि वे विधि-व्यवस्था के पालन के साथ-साथ बेहतर पुलिसिंग के लिए तकनीकी सहयोग, विशेषकर मुख्य चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में स्मार्ट सीसीटीवी कैमरों की स्थापना में CSR मद से सहयोग प्रदान करें. बैठक के अंत में उपायुक्त ने यह स्पष्ट किया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में CSR गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जबकि कुछ क्षेत्र अब भी वंचित हैं। ऐसे क्षेत्रों में सक्रिय पहल करते हुए समावेशी एवं संतुलित विकास की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है.

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार तथा जिले में कार्यरत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे.

Advertisement

Related Post